शत्रुघ्न सिन्हा हारकर हुए खामोश, चौबे से छब्बे बनने निकले थे, मोदी लहर में दूबे बनकर आ गए

PATNA : चुनावी समर में शत्रुघ्न सिन्हा हार चुके हैं। एक तरह से कहा जाए तो पटना साहिब की जनता ने उनको नकार दिया है। चुनाव हारने के बाद बिहारी बाबू ने चुनावी प्रकिया पर भी कई तरह के आरोप लगाए। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा की हार और जीत से वह ना तो विचलित हुए हैं और ना हिम्मत हारे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा की हार पर पटना की जनता का कहना है कि बिहारी बाबू चौबे से छब्बे बनने निकले थे। क्षेत्र की जनता ने हराकर उन्हें दूबे बना दिया। इन लोगों का आरोप है की वह ना तो कभी क्षेत्र में आते थे और ना क्षेत्र के लिए काम करते थे।

शत्रुघ्न सिन्हा ने नतीजों के बाद प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी, अमित शाह और पटना साहिब से बीजेपी के उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद को जीत की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पटना साहिब अब तक स्मार्ट सिटी नहीं बनी है, रविशंकर प्रसाद ने टेलिकॉम इंडस्ट्री में काम किया है। उम्मीद है कि वो अब इसे स्मार्ट सिटी बनाएंगे।अपने संबोधन में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि अब वो बिहार में शिक्षा व्यवस्था पर काम करेंगे।

बताते चले की पटना साहिब और पाटलिपुत्र में एक बार फिर कमल खिला है। भाजपा ने दोनों सीटें अपने कब्जे में कर ली हैं। पटना साहिब से पहली बार चुनाव लड़ रहे भाजपा के रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा को पछाड़ दिया। वहीं, पाटलिपुत्र से भाजपा के रामकृपाल यादव ने राजद की मीसा भारती को हराया। उन्होंने इस सीट से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है।

एएन कॉलेज में दोनों सीटों की मतगणना हुई। रविशंकर पहली बार लोकसभा पहुंचे हैं। वे पहले राउंड से ही आगे रहे। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा को 2 लाख 84 हजार 657 मतों से पराजित किया। रविशंकर को 6 लाख 7 हजार 506 और शत्रुघ्न को 3 लाख 22 हजार 849 मत मिले। पिछली बार पटना साहिब के विजेता शत्रुघ्न सिन्हा इस बार पंजा थाम चुनाव मैदान में उतरे थे, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। इस तरह भाजपा की परंपरागत सीट पर एक बार फिर कमल खिला।

पाटलिपुत्र में कांटे की टक्कर रही। दोपहर तीन बजे तक रामकृपाल पीछे रहे। उसके बाद शहरी क्षेत्र के बूथ खुलने पर वे आगे हो गए। रामकृपाल को 5 लाख 9 हजार 557 मत मिले जबकि मीसा को 4 लाख 70 हजार 236 मत मिले। इस तरह रामकृपाल ने 39321 मतों से जीत दर्ज की।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *