अभी-अभी: बिहार में एक जमाती से 44 लोगों में फैला कोरोना, मरीजों की संख्या टोटल 197

उत्तर प्रदेश में कालीन उद्योग के लिए प्रसिद्ध भदोही में बिहार के काफी मजदूर लॉकडाउन के कारण मुसीबत में फंसे हुए हैं। अररिया के 37 मजदूरों को जब कोई चारा नहीं दिखा तो 600 किमी दूर घर लौटने के लिए साइकिल का सहारा लिया। 23 अप्रैल को ये भोजपुर से आगे बढ़ते देखे गए।

कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन फेज-2 का आज दसवां दिन है। बिहार में कोरोना तेजी से फैल रहा है। राज्य में संक्रमितों की संख्या 197 हो गई है। पांच दिन में 111 नए मरीज मिले हैं। गुरुवार को 27 मरीज मिले थे। शुक्रवार को 27 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मुंगेर के जमालपुर के सदर बाजार में 21 नए मरीज मिले हैं। नालंदा में 3, बक्सर में 2 और बांका में 1 संक्रमित मिले हैं।

मुंगेर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 52 हो गई है। जमालपुर के सदर बाजार के 45 लोग संक्रमित हैं। इनमें से 44 लोगों में कोरोना एक जमाती से फैला। जिला प्रशासन ने कंटेनमेंट एरिया सदर बाजार सहित आस पास के 5 किलोमीटर क्षेत्र को सील कर दिया है। इन क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति के बाहर निकलने या बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक है। 1200 पुलिसकर्मी के अलावा सासाराम से पहुंची बीएमपी की महिला बटालियन की 50 जवानों सहित 22 टाइगर मोबाइल का दस्ता लगातार सड़कों पर गश्त लगा रहा है।

पटना में कोरोना संक्रमितों की संख्या 24 है। सबसे अधिक 17 मरीज खाजपुरा में मिले हैं। खाजपुरा स्थित शिव मंदिर गली के 65 घर, 210 परिवार और 1300 की आबादी कंटेनमेंट जोन में है। इस गली से सबसे अधिक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। यहां के लोगों को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। आपात स्थिति में मजिस्ट्रेट की अनुमति से ही निकल सकते हैं। आवश्यक सामग्री की आपूर्ति होम डिलिवरी के माध्यम से हो रही है। इसके लिए प्रशासन ने स्थानीय दुकानदारों को चिह्नित कर कंटेनमेंट जोन में आपूर्ति बहाल रखने का पास जारी किया है। पैसा देकर लोग जरूरत के हिसाब से दूध, किराना सामान, सब्जी आदि खरीद रहे हैं।

कैमूर के चैनपुर में गुरुवार को आठ कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। सासाराम की कोरोना पॉजिटिव महिला मरीज 25 और 30 मार्च को भभुआ के एक निजी डॉक्टर के क्लीनिक में इलाज कराने आई थी। डॉक्टर, 12 स्टाफ समेत 33 की कोरोना जांच के लिए सैंपल पटना भेजा गया है। निजी डाक्टर समेत 12 स्टाफ क्वारैंटाइन भी कर दिए गए हैं। सासाराम की कोरोना पॉजिटिव मरीज की चैनपुर ट्रेवल हिस्ट्री सामने आई है। चैनपुर के 3 किलोमीटर रेंज के सभी 21 गांव की गहन सर्वे कराई जा रही है।

रोहतास के सासाराम में गुरुवार को कोरोना के 6 नए मामलों की पुष्टि हुई। ये सभी बरादरी मोहल्ले के हैं। पांच मरीज उसी परिवार के हैं, जिस परिवार की महिला बुधवार को पॉजिटिव मिली थी। अब तक कुल सात मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। बरादरी मोहल्ला हॉटस्पॉट है। यहां सख्ती और बढ़ा दी गई है। बारदरी मोहल्ला के एक किमी के परिधि क्षेत्र को सील किया गया है। 7 वार्ड के 15 मोहल्लों के 3163 घरों को पूरी तरह लॉकडाउन में घेरे में लिया गया है। इन घरों के लोगों का बाहर निकलना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इन घरों को जरूरी समान की आपूर्ति प्रशासन द्वारा की जा रही है।

सीवान में कोराना के 29 मरीज मिले हैं। पुलिस सख्ती से लॉकडाउन का पालन करा रही है। बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकले लोगों की पुलिस पिटाई कर रही है। बिना काम के बाहर निकलने वाली महिलाओं पर भी महिला पुलिस कार्रवाई कर रही है। बिना मास्क बाहर निकलने वालों पर पुलिस नजर रख रही है। ऐसे लोगों को रोकर पुलिस कड़ी चेतावनी दे रही है। उन्हें बिना मास्क लगाए बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है।

नालंदा में संक्रमितों की संख्या 34 है। पुलिस लॉकडाउन का सख्ती से पालन करा रही है। प्रशासन ने संक्रमण को रोकने के लिए बिहारशरीफ के शेखाना, सकुनत और खासगंज मोहल्ले को सील कर लक्ष्मण रेखा खींच दी है। कोरोना से लड़ने में नगर निगम भी अहम भूमिका निभा रहा है। सील किए गए वार्डों में होम डिलवरी के माध्यम से घरों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाई जा रही है। फोन नंबर जारी करने के बाद तेजी से कॉल आ रहे हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *