नई लाइफलाइन मिलेगी: जून तक गंगा पथ से जुड़ेगा आर ब्लॉक-दीघा अटल पथ, 20 नवंबर को दूसरा फुट ओवरब्रिज भी होगा चालू

Patna : बिहारवासियों को अगले साल जून तक नई लाइफलाइन मिल जाएगी। आर ब्लॉक-दीघा अटल पथ के दूसरे हिस्से का निर्माण दिसंबर से शुरू हो रहा है। इसका निर्माण कार्य जून 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बनते ही उत्तर बिहार से सीधा जुड़ाव हो जाएगा। अटल पथ पार्ट-2 के निर्माण के लिए जमीन की बाधा दूर हो गई है। बिहार राज्य पथ विकास निगम ने जिला प्रशासन को एफसीआई की 1.13 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 12 करोड़ दिए हैं। जिला प्रशासन अब एफसीआई को वह पैसे देकर जल्द जमीन का अधिग्रहण करेगा। कागजी कार्यवाही पूरी होने के बाद जमीन से एफसीआई के गोदाम को हटाकर अटल पथ-2 का निर्माण कार्य शुरू किया जाना है।

बता दें अटल पथ का विस्तार दीघा से लोकनायक गंगा पथ तक किया जाना है। बीएसआरडीसी के अधिकारियों ने बताया कि इस महीने के अंत तक जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। कुछ कागजी कार्यवाही बचे हैं, जिसे पूरा किया जा रहा है।

अगले हफ्ते से अटल पथ पर एक और सुविधा
अगले हफ्ते से अटल पथ पर यात्रियों को एक और सुविधा मिलेगी। 20 नवंबर को अटल पथ का दूसरा फुट ओवरब्रिज भी बनकर तैयार हो जाएगा। यह फुट ओवरब्रिज राजीव नगर स्थित कुर्जी नाले के पास बनाया गया है। फिलहाल इस फुट ओवरब्रिज पर टाइल्स लगाया जा रहा है। 20 नवंबर को निर्माण पूरा होते ही इसका उद्‌घाटन कर आम लोगों के लिए इसे चालू कर दिया जाएगा। बीआरडीसी के अधिकारी के अनुसार अटल पथ पर एक लेन से दूसरे लेन पर जाने के लिए चार जगहों पर फुट ओवरब्रिज बनना है। पहला ओवरब्रिज महेश नगर से पानी टंकी के बीच चालू है। दूसरा फुट ओवरब्रिज राजीव नगर फ्लाईओवर से दीघा फ्लाईओवर के बीच बनना है। तीसरा आर ब्लॉक से बेली रोड फ्लाईओवर ब्रिज के बीच बन रहा है। चौथा फुट ओवरब्रिज बेली रोड फ्लाईओवर से शिवपुरी फ्लाईओवर के बीच पुनाईचक में बनना है। इसके लिए जमीन भी मिल गई है। अब यहां निर्माण कार्य शुरू होना है।

कैसे चलेंगे फुट ओवरब्रिज के लिफ्ट
अटल पथ के चारों फुट ओवरब्रिज के लिफ्ट को चलाने के लिए सरकार ने रास्ता निकाल लिया है। अटल पथ पर लगने वाले विज्ञापन के पैसों से सरकार इन चार फुट ओवरब्रिज के लिफ्ट को चलाएगी। इसके लिए बीएसआरडीसी ने प्रस्ताव बनाया है। तैयार प्रस्ताव के अनुसार फुट ओवरब्रिज पर विज्ञापन लगेंगे, जिसके लिए ओपेन टेंडर निकाला जाएगा। फिर एजेंसी का चयन किया जाएगा। चयनित एजेंसी फुट ओवरब्रिज की लाइटिंग, साफ-सफाई, सुरक्षा, जेनरेटर के डीजर और लिफ्ट का परिचालन और मेंटेनेंस करेगी। बता दें अटल पथ पर पहला फुट ओवरब्रिज 20 सितंबर को चालू हुआ था। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने इसका उद्‌घाटन किया था।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *