सोशल मीडिया पर जमकर CM नीतीश ने निकाली भड़ास, कहा- मेरे खिलाफ लोग अनाप शनाप वहां बोलते हैं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कुछ लोग मेरे खिलाफ अपनी पब्लिसिटी के लिए अनाप-शनाप बोलते हैं। सोशल मीडिया में आज एंटी सोशल काम हो रहा है। अगर इससे उन्हें फायदा होता हो, तो उन लोगों को मेरी शुभकामना है। नई पीढ़ी के लोगों को बताने की जरूरत है कि कल क्या था और आज क्या है? इसके लिए नई टेक्नोलॉजी का उपयोग हो। इसका दुरुपयोग नहीं हो। सकारात्मक सोच के बिना समाज आगे नहीं बढ़ सकता। हमें बस अपने काम में लगे रहना है; एकजुट रहना है। वे रविवार को जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा-कर्पूरी ठाकुर ने मुख्यमंत्री रहते हुए सभी लोगों के लिए काम किया लेकिन उन्हें 2 वर्ष के बाद हटा दिया गया। हमलोग भी सबके हित में काम कर रहे हैं। कभी-कभी सबके हित में काम करने से कुछ लोग नाराज हो जाते हैं। कुछ लोग सिर्फ सत्ता का सुख लेना चाहते हैं। हमलोगों के लिए सत्ता का मतलब है-लोगों की सेवा करना।

अबकी बजट में 7 निश्चय पार्ट 2 भी रहेगा, सप्लीमेंट्री बजट भी आएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार भी सप्लीमेंट्री बजट आएगा। पहले के बचे हुए विकास के काम पूरे किए जाएंगे। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत बनायी गई योजनाओं पर काम हो रहा है। 7 निश्चय पार्ट 2 के संदर्भ में कई योजनाएं बनी हैं, जिसका अबकी बजट में प्रावधान होगा। इस पर इसी साल काम शुरु होगा। योजनाओं से संबंधित सभी चीजों का सर्वेक्षण कराया गया है। नीतीश, मीडिया से मुखातिब थे। बोले-बजट के बारे में पहले से कोई स्पेसिफिक बात नहीं बतायी जाती। बजट, डेवलपमेंट को आगे बढ़ाने वाला होगा।

विरोध के चलते लालू जी का हालचाल लेने से हिचकता हूं, वे जल्द स्वस्थ हों
पटना। मुख्यमंत्री ने कहा-अलग होने के बाद भी मैं लालू प्रसाद का हालचाल लेता रहता था। लेकिन 2017-18 में क्या हुआ? उनकी देखभाल करने वाले ने मेरे खिलाफ क्या-क्या नहीं कहा? इसलिए अब लालू जी का हालचाल लेने से हिचकता हूं। मीडिया से जानकारी मिल जाती है। मेरी कामना है कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हों; उनको सभी बीमारियों से छुटकारा मिले।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *