वीडियो: बाढ़ में ऐसे हो गए बिहार के हालात, पानी में ड्रम की नाव में बैठकर विदा हुई दुल्हन

PATNA: बारिश के चलते बिहार में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ जैसे हालातों में बिहार के फारबिसगंज से एक विडियो सामने आया है, जहां शादी के बाद एक दुल्हन को ड्रम की नाव में बिठाकर विदा कराया जा रहा है। विडियो में दिख रहा है कि प्लास्टिक के ड्रम से बनी एक नाव में दूल्हा और दुलहन बैठे हुए हैं, जबकि कुछ लोग आधे पानी में डूबे हुए उनके साथ में चल रहे हैं। इस तरह किसी दुल्हन को विदा होता लोगों ने पहली बार देखा।

बिहार में भारी बारिश की वजह से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्‍य के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश के कारण के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। परमान नदी का पानी सड़कों पर आ गया है और पुल व सड़कें टूट जाने से लोग जगह-जगह फंसे हुए हैं। प्रशासन की तरफ से अभी नाव की सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है। ऐसे में बाढ़ में फंसे हुए लोग खुद से ही जुगाड़ कर जान बचाने में जुटे हुए हैं।

बारिश की वजह से कई स्थानों पर रेल पटरियों पर पानी चढ़ जाने से रेल यातायात ठप्प हो गया है। राज्य में भारी बारिश कोसी और सीमांचल के क्षेत्रों में तबाही लेकर आई है। कोसी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे कई क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घुस गया है। राज्य के 6 जिले शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, अररिया और किशनगंज के क्षेत्रों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। अररिया और पूर्णिया के इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। वहां एनडीआरएफ को अलर्ट कर दिया गया है। दरभंगा, वैशाली और मुजफ्फरपुर में भी विभिन्न नदियों के उफान के कारण कई गांवों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं से अपने विचार और सुझाव शेयर किए। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण के प्रति सबको सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि आज कई बीमारियों का कारण जलवायु परिवर्तन है। प्रकृति से छेड़छाड़ के बाद हिसाब लेती है। जलवायु परिवर्तन के कारण ही बाढ़ और सूखे की समस्या बढ़ गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *